फसलों पर शराब का ऐसा प्रयोग नहीं देखा होगा आप ने !

अब तक हमने आपने सुना हैं, शराब कुछ लोग रिलेक्स होने के लिए पीते है, कुछ लोग नशे के लिए पीते है, कुछ खुशी के लिए, कुछ गम गलत करने के लिए वगैरह-वगैरह। सब के पास शराब पीने के अलग-अलग मरकज़  हैं। पर हम आज इसके एक और पहलू से आपको रूबरू कराएगें। क्या आप सोच सकते हैं कि किसान खेतों में लहलहाती फसलों को पाले और सर्दी से बचाने के लिए देसी शराब का प्रयोग करते है और कई सालों से ये ऐसा करते चले आ रहे है, आइए इस बारे में आपको तफ्सील से बताते हैं।

किसान देशी शराब का छिड़काव करता हुआ

इटावा के इकदिल इलाके में आलू की खेती करने वाले किसानों ने ये अनोखा तरीका निकाला है । आलू की खेती करने वाले एक किसान बलबीर ने अपनी आलू की फसल को पाला (ओस) और तुसार से बचाने और फसल की पैदावार बढ़ाने का एक अनोखा तरीका निकाला है। बलबीर की बात मानें तो खेतों में फसलों की रक्षा के लिए छिड़काव करने वाली दवा के साथ साथ देशी शराब को मिला कर आलू की फसल छिड़काव करने से बहुत फायदा होता है। बलबीर के अनुसार दवा में शराब की अनुपातिक मात्रा मिलाकर छिड़काव से आलू की फसल को कीट नहीं लगते हैं।

इतना ही नहीं इस छिड़काव का फायदा यह भी होता है कि कीट न लगने के कारण फसल बम्पर पैदा होती है। बलबीर कीटनाशक में देशी शराब को मिलाकर छिड़काव काने का प्रयोग पिछले लगभग छः साल से कर रहे हैं।

जिला उद्यान अधिकारी राजेन्द्र कुमार

फसलों पर छिड़काव के पदार्थ में शराब को मिलाने से हो रहे फायदे के बारे में जब हमारे संवाददाता ने असलियत का पता लगाने के लिए इटावा के जिला उद्यान अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार से बात की तो उन्होंने बताया कि आलू की फसल में देशी शराब के छिड़काव से आलू को फायदे के बजाए नुकसान तो होता ही है और आलू का स्वाद भी खराब हो जाता है। उन्होंने यह भी बताया कीटनाशक के साथ शराब के छिड़काव से पैदा हुए आलू को जब आलू को कोल्ड स्टोरेज में रखते हैं तो आलू खराब होने की संभावना ज्यादा बढ़ जाती है। उन्होंने इस प्रकार के पदार्थ के छिड़काव को सख्ती से रोकने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार के प्रयोग किसान बिना किसी सलाह के करते रहे तो उत्पादित फसलों में होने वाले गंभीर नुकसान का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परंपरा को रोकना श्रेयस्कर होगा।

नीरज महेरे, इटावा से

Related Articles

Back to top button